हीरा चौक में बच्चों की कहासुनी के बाद दो समुदायों में पथराव, पुलिस ने संभाले हालात

टोंक (सच्चा सागर)। हीरा चौक में रविवार को बच्चों के बीच हुई मामूली कहासुनी ने अचानक बड़ा रूप ले लिया और दो समुदायों के लोगों के बीच पथराव शुरू हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर हालातों को काबू में किया। पथराव की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव और सिटी सीओ मृत्युंजय मिश्रा मय पुलिस जाब्ते के मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को समझाइश कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल कराई। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से वार्ता कर पथराव और क्षेत्र में अशांति फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने संवेदनशील इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी आवश्यकता जताई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। घटना के बाद एहतियात के तौर पर कई पुलिस थानों का जाब्ता इलाके में तैनात कर दिया गया है। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है। पूरे घटनाक्रम की निगरानी पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना द्वारा लगातार की जा रही है। इधर क्षेत्र के कुछ लोगों का आरोप है कि समुदाय विशेष के कुछ असामाजिक तत्व वाल्मीकि समाज की महिलाओं और बच्चियों पर फब्तियां कसते हैं, जिससे इलाके में पहले से ही नाराजगी का माहौल था। पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। इधर इस प्रकरण में पुरानी टोंक थानाधिकारी नेमीचन्द गोयल ने बताया कि इस मामले में 2 मुकदमें दर्ज किए गए है एवं 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर प्रकरण का अनुसंधान किया जा रहा है। क्षेत्र में शान्ति व कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने