करियर एक्सपो 2026 का निवाई में भव्य आयोजन

छात्रों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों से संजोए सुनहरे भविष्य के सपने

निवाई (सच्चा सागर)। निवाई में ‘नई दिशा’ एवं आर्यभट्ट इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित ‘करियर एक्सपो 2026’ का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 500 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अनुभवी विशेषज्ञों से अपने भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त किया। आर्यभट्ट इंस्टीट्यूट के निदेशक दीपचंद जैन एवं राजेश मंगल ने बताया कि इस सेमिनार में चिकित्सा, पैरामेडिकल, अभियांत्रिकी, वाणिज्य, कला, प्रबंधन, विधि तथा कृषि जैसे विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ उपस्थित रहे, जिन्होंने विद्यार्थियों को अलग-अलग करियर विकल्पों, पाठ्यक्रमों और संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं महाविद्यालयों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जहां विद्यार्थियों ने अपनी रुचि और योग्यता के अनुसार जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर निम्स विश्वविद्यालय, पोददार महाविद्यालय, वीएसआई संस्थान, एलन संस्थान, इंडस विश्वविद्यालय सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के परामर्शदाताओं ने भाग लिया। विद्यार्थियों के लिए विशेष परामर्श सत्र भी आयोजित किए गए, जिसमें उन्होंने व्यक्तिगत रूप से विशेषज्ञों से अपने करियर के बारे में चर्चा की और उचित दिशा प्राप्त की। सेमिनार में पंजीकृत सभी विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह बढ़ा। कार्यक्रम की सफलता पर ‘नई दिशा’ संस्थान के निदेशक अर्पित जैन ने सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए अपने सपनों को सही दिशा देने वाला साबित हुआ।          


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने