राज सखी टोंक मेला 2026 का आयोजन 16 से 22 मार्च तक महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल : जिला कलेक्टर


टोंक (सच्चा सागर)। ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं राजीविका द्वारा 16 से 22 मार्च तक ‘‘राज सखी टोंक मेला 2026’’ का आयोजन जिला कलेक्ट्रेट परिसर टोंक में किया जाएगा। मेले के फोल्डर का औपचारिक विमोचन बुधवार को जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल ने किया। इस दौरान राजीविका के डीपीएम ललित कुमार भी मौजूद रहेें। इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने कहा कि यह मेला महिलाओं की आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें टोंक जिले के साथ-साथ राज्य के अन्य जिलो से स्वयं सहायता समूह भाग लेंगे। मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, जागरुकता गतिविधियों तथा विभिन्न विभागों की योजनाओं से संबंधित जानकारी भी आमजन को उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर महिला स्वयं सहायता समूहों का उत्साहवर्धन करें तथा उनके उत्पादों को खरीदकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहयोग दें। राजीविका के डीपीएम ललित कुमार ने बताया कि राज सखी मेले में राज्य के समस्त जिलो के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद, कपड़े, गृह सज्जा सामग्री, जैविक उत्पाद तथा स्थानीय पारंपरिक वस्तुओं की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए 50 से 60 स्टाल लगाना प्रस्तावित है। मेले के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार और आय के नए अवसर प्राप्त होंगे। मेले के आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहेंगे।        


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने