झुंडवा में आयोजित हुई रात्रि चौपाल पीएम सूर्य घर योजना से होने वाले लाभ को लेकर आमजन को जागरुक करें : जिला कलेक्टर


टोंक (सच्चा सागर)। जिला कलेक्टर कल्पना अग्रवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को ग्राम पंचायत झुंडवा में रात्रि चौपाल आयोजित की गई। रात्रि चौपाल में बीसलपुर पेयजल परियोजना से पेयजल सप्लाई, अवैध शराब की दुकानों को हटाने, अधूरे सडक़ निर्माण कार्य को पूरा करने, पेंशन चालू करने, गंदे नाले की साफ सफाई समेत ग्रामीणों ने अतिक्रमण हटाने जैसी समस्याओं के प्रार्थना पत्र दिए। जनसुनवाई में जिला कलेक्टर ने कहा कि अधिकारी केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं से अधिकाधिक पात्र लोगों को लाभांवित करें। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं स्थाई समाधान करें। उन्होंने उपखंड अधिकारी पूजा मीना को विभागों से समस्याओं के निस्तारण की रिपोर्ट लेने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिला कलेक्टर ने संवेदनशीलता से ग्रामीणों की सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं को सुना। उन्होंने बीसलपुर पेयजल परियोजना से झुंडवा ग्राम पंचायत में पेयजल की सप्लाई नही होने पर जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को पेयजल सप्लाई के कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही गर्मी को देखते हुए ग्राम पंचायत में खराब हैंडपंपो को दुरस्त करने पर जोर दिया। जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत में अधूरे सडक़ निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए विकास अधिकारी शंकर लाल को मौका निरीक्षण कर सडक़ निर्माण कार्य को चालू कराने के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में आए परिवादी हरिराम माधो ने जिला कलेक्टर के समक्ष 6 माह से रुकी हुई वृद्धावस्था पेंशन शुरु करने की गुहार लगाई। जिला कलेक्टर ने विकास अधिकारी को संबंधित परिवादी के दस्तावेज लेकर पेंशन चालू कराने के निर्देश दिए। रात्रि चौपाल में पशुपालन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, विद्युत, कृषि विभाग के कार्मिकों ने ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक विरेन्द्र सिंह सोलंकी, तहसीलदार पूजा मीना, बीसीएमएचओ मनीष लोदी, ग्राम पंचायत प्रशासक समेत ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने