छात्र-छात्राओं को स्वदेशी की शपथ दिलवाई
टोंक। राजकीय महाविद्यालय टोंक में राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा जयपुर एवं जिला प्रशासन टोंक के निर्देशानुसार वंदे मातरम गायन के साथ विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ ‘वन्दे मातरम’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर कार्यवाहक प्राचार्य यासमीन फातमा के द्वारा उपस्थित संकाय सदस्यों एवं छात्र-छात्राओं को स्वदेशी की शपथ दिलवाई गई। तत्पश्चात महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किये तथा उनके जीवनवृत्त का वाचन किया गया। मुख्य वक्ता डॉ. नरेंद्र कुमार चंदेल ने स्वतंत्रता संग्राम में नेताजी की प्रेरक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेताजी सुभाष चन्द्र बोस भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महानायक थे, जिन्होंने साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की अद्वितीय मिसाल प्रस्तुत की। उन्होंने आजाद हिन्द फौज के गठन, अनुशासनबद्ध नेतृत्व तथा तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा जैसे प्रेरक आह्वान के माध्यम से जनमानस में स्वतंत्रता की अलख जगाई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, देशप्रेम एवं देश के प्रति कर्तव्यबोध की भावना का विकास करना है। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्य एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अजय कुमार मीणा ने किया।
23 टोंक 01
.jpg)