शिकार की फिराक में बंदूक लेकर घूमता एक गिरफ्तार
देवली। स्थानीय थाना पुलिस ने पनवाड़ गांव में देशी टोपीदार बंदूक के साथ घूमते एक जने को गिरफ्तार किया है। जिसके खिलाफ पुलिस ने अवैध हथियार रखने के प्रकरण में मामला दर्ज किया है।
थाना पुलिस ने बताया कि रविवार को कार्यवाहक थाना प्रभारी भंवरलाल मीणा, एएसआई रामजीलाल पुलिसकर्मी मुकेश, मनेश सहित गश्त करते हुए पनवाड़ पहुंचे। यहां मुखबीर की सूचना के अनुसार बगीची बालाजी मंदिर परिसर के पास एक व्यक्ति हाथ में बंदूक लिए शिकार की फिराक में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी को घेरकर गिरफ्तार किया है। उक्त आरोपी छोटूलाल पुत्र भरत सिंह मोग्या निवासी पनवाड़ है। जिसके पास बंदूक का लाइसेंस अनुज्ञापत्र नहीं था। पुलिस ने आरोपी को देशी टोपीदार एक नाली बंदूक के साथ गिरफ्तार कर लिया है।