फर्जी ई-मेल और सोशल मीडिया प्रोफाइल से साइबर ठगी, निवाई पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा
32 सिम कार्ड का इस्तेमाल, NCRP पोर्टल पर 51 शिकायतें मिलीं; 4 मोबाइल, 7 डेबिट कार्ड, 7 बैंक पासबुक सहित अन्य सामान बरामद
निवाई( सच्चा सागर) साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन साइबर वॉर के तहत डीएसटी टोंक और निवाई थाना पुलिस ने साइबर ठगी के कथित संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी ई-मेल, बैंक खाते, सिम कार्ड और सोशल मीडिया प्रोफाइल का इस्तेमाल कर लोगों को निवेश के नाम पर ठगी का शिकार बनाते थे।
पुलिस ने रामनगर निवासी लोकेश कुमार मीणा (27), चौरपुरा निवासी धनराज मीणा (28) और चौरपुरा निवासी पवन मीणा (19) को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 7 डेबिट कार्ड, 3 आधार कार्ड, 7 बैंक पासबुक, 2 चेकबुक, 32 सिम कार्ड, एक एचएफ डीलक्स बाइक और 700 रुपए नकद बरामद किए गए।
2-3 घंटे में रकम दोगुनी-तिगुनी करने का लालच
पुलिस के मुताबिक आरोपी गूगल पर फर्जी ई-मेल तैयार कर उन्हें लॉगिन करते थे। इसके बाद वाट्सऐप और इंस्टाग्राम आईडी के जरिए लोगों से संपर्क कर साइबर ठगी करते थे। आरोपी टेलीग्राम पर फर्जी चैनल बनाकर वाट्सऐप के माध्यम से निवेश के नाम पर मैसेज भेजते थे। लोगों को 2-3 घंटे में रकम को 2 से 5 गुना करने का लालच देकर फर्जी चैनल से जोड़ते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने साइबर ठगी के लिए कुल 32 सिम कार्ड का इस्तेमाल किया। इन सिम और बैंक खातों से जुड़े मामलों में NCRP पोर्टल पर देश के अलग-अलग राज्यों से कुल 51 शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ठगी की रकम अलग-अलग बैंक खातों में डलवाकर अनुचित लाभ प्राप्त करते थे।
मामले में निवाई थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों और बैंक खातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। कार्रवाई एसपी रोशन मीणा के निर्देश पर एएसपी कमल प्रसाद और डीएसपी रवि प्रकाश के सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश तथा निवाई थानाधिकारी घासीराम की टीम ने की।
फर्जी ई-मेल और सोशल मीडिया प्रोफाइल से साइबर ठगी, निवाई पुलिस ने 3 आरोपियों को पकड़ा 32 सिम कार्ड का इस्तेमाल, NCRP पोर्टल पर 51 शिकायतें मिलीं; 4 मोबाइल, 7 डेबिट कार्ड, 7 बैंक पासबुक सहित अन्य सामान बरामद
0

