चुनाव आयोग पर उठ रहे सवालों के लिए भाजपा नेतृत्व जिम्मेदार : पायलट
टोंक में धन्यवाद यात्रा के दौरान साधा निशाना, एसआईआर में 13 करोड़ नाम हटाने का दावा, लोकतंत्र और मताधिकार से खिलवाड़ गंभीर विषय
टोंक। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव, पूर्व उपमुख्यमंत्री, पंजाब प्रभारी एवं टोंक विधायक सचिन पायलट रविवार को टोंक नगर परिषद में कांग्रेस के मयंक गोयल के सभापति निर्वाचित होने के बाद आयोजित धन्यवाद यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान मीडिया से बातचीत में पायलट ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर चल रहे विवाद और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पायलट ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को जो ताकत दी जा रही है, उसके लिए भाजपा नेतृत्व जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की ओर से उन्हें ताकत दी जा रही है, वरना ज्ञानेश कुमार की क्या ताकत है कि वे वोट काट दें। पायलट ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसकी निष्पक्षता एवं स्वतंत्रता को लेकर जनता का विश्वास बना रहना चाहिए। एसआईआर को लेकर पायलट ने दावा किया कि करीब 13 करोड़ नाम मतदाता सूचियों से हटाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली बार हुआ है जब मतदाता संख्या बढऩे के बजाय घटने की बात सामने आई है। गौरतलब है कि स्ढ्ढक्र को लेकर देशभर में राजनीतिक एवं कानूनी बहस चल रही है और 13 करोड़ से अधिक नाम ड्राफ्ट मतदाता सूचियों से हटाए जाने को लेकर विभिन्न पक्षों की ओर से दावे और आपत्तियां सामने आई हैं। नगर निकाय चुनावों को लेकर पायलट ने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस के वोट शेयर में ज्यादा अंतर नहीं रहा, लेकिन चुनाव के दौरान लोगों को धमकाने और आचार संहिता के उल्लंघन जैसी घटनाएं हुईं। उन्होंने इसे राजस्थान सरकार द्वारा अपनी सत्ता बचाने के लिए किए जाने का आरोप लगाया। पायलट ने कहा कि जनता भाजपा से नाराज है और कांग्रेस को समर्थन देने का इंतजार कर रही है। उन्होंने 2028 में केंद्र में कांग्रेस सरकार बनने का दावा भी किया। पंजाब के मुद्दे पर पायलट ने कहा कि वहां अपराध बढ़ा है और जेलों से लोगों को धमकाकर फिरौती मांगने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने ड्रग्स की होम डिलीवरी का भी आरोप लगाया तथा कहा कि आगामी समय में पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनने की उम्मीद है। पायलट ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वर्ष 2024 में उसके 240 सांसद निर्वाचित हुए थे और संख्या बल बढ़ाने के लिए अन्य दलों के नेताओं को डराकर-धमकाकर तोड़ा जा रहा है। उन्होंने राजस्थान में नगर परिषद सभापति चुनावों को लेकर भी इसी तरह के आरोप लगाए और कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का पालन होना चाहिए।
घंटाघर से राज मिडवे तक निकली धन्यवाद यात्रा
सचिन पायलट दोपहर करीब दो बजे टोंक पहुंचे। छावनी क्षेत्र में कांग्रेस से निर्वाचित पार्षद अकबर खान सहित कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और 50 किलो की माला पहनाई। इसके बाद पायलट घंटाघर पहुंचे, जहां नगर परिषद सभापति मयंक गोयल, हंसराज गाता, निवाई के पूर्व विधायक कमल लोदी, प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष रामविलास चौधरी सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद भारी वाहनों के काफिले के साथ धन्यवाद यात्रा घंटाघर से सुभाष बाजार, पांच बत्ती, नौशे मियां का पुल और बड़ा कुआं होते हुए राज मिडवे पहुंची। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं आतिशबाजी से पायलट का स्वागत किया गया। इससे पहले सोहेला मुख्य राजमार्ग पर कांग्रेस नेता एवं पूर्व उप जिला प्रमुख अवधेश शर्मा के नेतृत्व में भी पायलट का स्वागत किया गया। इस दौरान पूर्व डीआर किशनलाल फगोडिय़ा, गोविंद चौधरी एडवोकेट, किशनलाल गुर्जर, गोविंद नारायण शर्मा, नरसीलाल, नौरत तिवाड़ी, महेंद्र शर्मा, प्रेमचंद वर्मा, नरेश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
04 टोंक 11, 04 टोंक 12
टोंक में धन्यवाद यात्रा के दौरान साधा निशाना, एसआईआर में 13 करोड़ नाम हटाने का दावा, लोकतंत्र और मताधिकार से खिलवाड़ गंभीर विषय
0

