कनेसर में तेजाजी महाराज का तीन दिवसीय मेला शुरू, गुरुवार रात भव्य जागरण में उमड़ा जनसैलाब, घोड़ी नृत्य बना आकर्षण

कनेसर में तेजाजी महाराज का तीन दिवसीय मेला शुरू, गुरुवार रात भव्य जागरण में उमड़ा जनसैलाब, घोड़ी नृत्य बना आकर्षण* *निवाई, टोंक।* उपखंड क्षेत्र के ग्राम कनेसर स्थित प्रसिद्ध तेजाजी धाम पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी वीर शिरोमणि श्री तेजाजी महाराज का तीन दिवसीय विशाल मेला धूमधाम से शुरू हो गया। मेले के पहले दिन गुरुवार रात्रि को भव्य जागरण का आयोजन किया गया, जिसमें पूरी रात तेजाजी के जयकारों से कनेसर की धरा गूंजती रही।
मेला समिति के लक्ष्मीनारायण गौतम एवं समाजसेवी राजेश कनेसर ने बताया कि गुरुवार रात्रि को कनेसर तेजाजी धाम पर हुए इस विशाल जागरण में क्षेत्र के कोने-कोने से श्रद्धालु उमड़ पड़े। *इन गांवों से आई भजन मंडलियां* जागरण में बासखो, मित्रपुरा, बोली, छांदेल, केशवपुरा, कोटखावदा, काचरिया, सूर्या, बासड़ा, हनोतिया, राहोली, फागी, सेदरिया, कौथून, श्यामपुरा कला, चैनपुरा, गोपालपुरा, सुरसरा, डागरथल, पहाड़ी, गुंसी, चनानी, हरभावता, बिडोली, बालापुरा, झिलाय सहित तीन दर्जन से अधिक गांवों की तेजा भजन मंडलियों ने भाग लेकर वीर तेजाजी की महिमा का गुणगान किया। *सुख-समृद्धि की कामना, पाती बांधकर किया इलाज* जागरण के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने तेजाजी महाराज के दरबार में धोक लगाकर क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर दूर-दराज से कई घोड़ले (नए घोड़े) भी जात देने के लिए लाए गए। मान्यता के अनुसार कई दुखियारों और मूक पशुओं के पाती (डोरा) बांधकर उनका इलाज भी किया गया। पूरी रात तेजाजी के अनुयायियों ने "बोल तेजाजी महाराज की जय" के जयकारे लगाए। *घोड़ी नृत्य और रंग-बिरंगी लाइटें बनी आकर्षण* जागरण में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया *तेजाजी की घोड़ी का सजीव नृत्य* रात भर आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा। श्रद्धालु घोड़ी के नृत्य को देखकर भाव-विभोर हो गए। वहीं तालाब के किनारे स्थित तेजाजी मंदिर की रंग-बिरंगी लाइटों से पूरा तालाब रोशन हो उठा। रंगीन पानी का अद्भुत नजारा देखने के लिए लोगों में भारी उत्साह देखा गया, कई युवाओं और श्रद्धालुओं ने इस मनोरम दृश्य के साथ फोटो-सेल्फी भी ली। रात्रि जागरण के दौरान सभी भक्तों के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई। मेले की संपूर्ण व्यवस्था कनेसर गांव के युवा कार्यकर्ताओं द्वारा संभाली गई, जिन्होंने जल व्यवस्था, सुरक्षा और बैठने की उत्तम व्यवस्था की। *शुक्रवार से शुरू होगा दो दिवसीय मेला* मेला समिति ने बताया कि शुक्रवार सुबह से दो दिवसीय मेले का मुख्य आयोजन शुरू होगा, जिसमें कार्यकर्ता और भामाशाह सम्मान समारोह प्रतियोगिताएं और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस अवसर पर राकेश यादव, धर्मराज सैनी, माणकचन्द प्रजापत,यादव समाज के युवा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव, तेजाजी सेवक श्योजीराम, रामपाल जी बाबा, मुरारी लाल, आनंदीलाल यादव, शिवनाथ, राजेन्द्र, हनुमान टेलर,रूपनारायण , गायक महेन्द्र गौतम, विनोद स्वामी , मुकेश यादव,विनोद सैनी, अंतर , रामलाल प्रजापत, बाबूलाल सैन,रामकेश गुर्जर, मोरध्वज सहित मेला समिति के सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने