टोंक एसपी रोशन मीणा को राष्ट्रीय सम्मान, उत्कृष्ट अनुसंधान पदक से नवाजा केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जांच में उत्कृष्टता के लिए किया सम्मानित, राजस्थान पुलिस का बढ़ाया गौरव

टोंक एसपी रोशन मीणा को राष्ट्रीय सम्मान, उत्कृष्ट अनुसंधान पदक से नवाजा केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जांच में उत्कृष्टता के लिए किया सम्मानित, राजस्थान पुलिस का बढ़ाया गौरव
टोंक। अपराध अनुसंधान में उत्कृष्टता, पेशेवर दक्षता और समर्पित पुलिस सेवा के लिए टोंक पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा आईपीएस को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उन्हें केंद्रीय गृह मंत्री का प्रतिष्ठित 'मेडल फॉर एक्सीलेंस इन इन्वेस्टिगेशन' (गृह मंत्री उत्कृष्ट अनुसंधान पदक) प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि से राजस्थान पुलिस के साथ टोंक जिले का भी गौरव बढ़ा है। रोशन मीणा को मिले इस सम्मान को उनकी अनुसंधान क्षमता, कार्यकुशलता और पुलिस सेवा के प्रति समर्पण की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अपराधों की गहन जांच, साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन और प्रभावी अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को यह सम्मान प्रदान किया जाता है। टोंक पुलिस को मिली नई पहचान रोशन मीणा के टोंक पुलिस अधीक्षक का पदभार संभालने के बाद जिले में पुलिसिंग की कार्यशैली में उल्लेखनीय सक्रियता देखने को मिली है। संगठित अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, साइबर अपराध और अपराधियों के नेटवर्क पर कार्रवाई को लेकर टोंक पुलिस लगातार सक्रिय रही है। जिला पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) की विभिन्न कार्रवाइयों ने भी अपराध नियंत्रण के प्रयासों को गति दी है। उनके नेतृत्व में पुलिस की कार्रवाई और अपराधियों के विरुद्ध सख्त रुख ने टोंक पुलिस को प्रदेश में अलग पहचान दिलाई है। वहीं, आमजन में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत करने के प्रयास भी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल रहे हैं। पुलिस महकमे में खुशी की लहर राष्ट्रीय स्तर पर मिले इस सम्मान के बाद पुलिस महकमे में खुशी का माहौल है। टोंक पुलिस और डीएसटी टीम ने भी एसपी रोशन मीणा को बधाई देते हुए इसे पूरे पुलिस परिवार के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है। राष्ट्रीय सम्मान से नवाजे जाने पर रोशन मीणा को पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और शुभचिंतकों की ओर से बधाइयां दी जा रही हैं। यह उपलब्धि पुलिस सेवा में उत्कृष्ट अनुसंधान, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की अहमियत को रेखांकित करती है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने