डांडिया महोत्सव में महिला पुलिस की मुस्तैदी, सिविल ड्रेस में भी निगरानी
छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार पर अंकुश लगाने की पहल, महिलाओं-बालिकाओं को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए टोंक पुलिस ने डांडिया महोत्सव के दौरान विशेष सतर्कता बरत रही है। महिला पुलिस टीम ने आयोजन स्थल पर निगरानी के साथ महिलाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। उन्हें बताया कि किसी भी तरह की परेशानी होने पर बिना झिझक पुलिस की मदद लें। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नवरात्र के नौ दिन तक चले शक्ति सुरक्षा अभियान के बाद भी यह पहल जारी है। राज्य स्तरीय शक्ति सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत एसपी के रोशन मीणा के नेतृत्व में एएसपी कमल किशोर, महिला शक्ति टीम व कालिका टीम में एएसआई अंजना टीम प्रभारी, बीना चौधरी महिला शक्ति टीम प्रभारी सहित महिला कॉस्टेबल आदि शामिल है।
शहर में आयोजित डांडिया महोत्सव के दौरान शक्ति पेट्रोलिंग यूनिट और काली पेट्रोलिंग यूनिट की टीमें सक्रिय रहीं। इनका उद्देश्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और छेड़छाड़, अभद्र व्यवहार सहित अन्य अनुचित हरकतों को रोकना है। इसके लिए पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भी गश्त कर रहे हैं, ताकि सामान्य नागरिकों के बीच रहकर संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी :
महिला पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आपात स्थिति में सहायता लेने के लिए 112 आपातकालीन सेवा, महिला हेल्पलाइन 1090 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। साथ ही उन्हें किसी भी घटना की अनदेखी नहीं करने और तुरंत पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
सुरक्षा के साथ भरोसा कायम करना भी जरूरी :
डांडिया जैसे आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवतियां और बालिकाएं शामिल होती हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था के साथ उन्हें यह भरोसा दिलाना भी जरूरी है कि परेशानी के समय पुलिस उनकी मदद के लिए उपलब्ध है। जागरूकता, प्रभावी गश्त और त्वरित कार्रवाई से असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है। पुलिस की यह पहल महिलाओं को निर्भय होकर सार्वजनिक आयोजनों में भाग लेने का माहौल देने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
डांडिया महोत्सव में महिला पुलिस की मुस्तैदी, सिविल ड्रेस में भी निगरानी
0

