टोंक में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5 करोड़ रुपये का विदेशी 'OG' गांजा जब्त, एक गिरफ्तार

टोंक (सच्चा सागर ): जिले में पुलिस अधीक्षक रोशन मीणा (IPS) के कुशल निर्देशन में डीएसटी (DST) टीम ने नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। निवाई सिटी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से तस्करी कर लाया गया 5 किलोग्राम 'OG' विदेशी गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। टोंक जिले में विदेशी गांजे की यह पहली और सबसे बड़ी खेप पकड़ी गई है। कार्रवाई का विवरण
डीएसटी टीम द्वारा अवैध सप्लाई के इस नेटवर्क का पर्दाफाश किया। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नशीला पदार्थ जब्त किया है। * गिरफ्तार आरोपी: लालाराम (20) पुत्र प्रहलाद, निवासी कैथुनिया, थाना निवाई सदर, जिला टोंक। * दर्ज मामला: आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना निवाई में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। विदेश से होती है तस्करी पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि यह हाई-ग्रेड 'OG' गांजा विदेश से अवैध रूप से तस्करी कर भारत लाया जाता है। इंटरनेट और अवैध बाजार में इसकी कीमत 50 लाख से 1 करोड़ रुपये प्रति किलोग्राम तक आंकी जाती है। सरकारी कीमतों के बारे में पृथक से जानकारी ली जा रही है क्या है 'OG' गांजा? विशेषज्ञों के अनुसार, साधारण देसी गांजे की तुलना में 'OG' किस्म में नशा बढ़ाने वाला मुख्य तत्व THC (Tetrahydrocannabinol) अत्यधिक मात्रा में पाया जाता है। इसके सेवन से शरीर और मस्तिष्क पर बेहद तीव्र और गहरा दुष्प्रभाव पड़ता है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप विदेश से किस माध्यम से लाई गई और निवाई क्षेत्र में इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करने के लिए गहन अनुसंधान जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने