मानसून की पहली बारिश से तक्षकगिरी पहाड़ों पर फूटे झरने, उमड़े पर्यटक


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
मानसून की दस्तक के साथ ही कस्बे और आस-पास के क्षेत्र में मौसम पूरी तरह बदल गया है। शुक्रवार को बीती रात से लगातार हुई बारिश के बाद कस्बे के तक्षकगिरी पहाड़ों से झरने फूट पड़े, जिससे पूरे इलाके का नजारा मनमोहक हो गया। झरनों के बहने और सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी पर्यटकों का भी जमावड़ा लगा रहा। लगातार बरसात से जहां एक ओर भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है, वहीं किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। जून के तीसरे सप्ताह में हुई बुवाई के बाद फसलों को पर्याप्त पानी नहीं मिलने से किसान चिंतित थे, लेकिन अब बारिश ने फसलों को जीवनदान दे दिया है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश खेती के लिए काफी लाभदायक साबित होगी। तक्षकगिरी पहाड़ से निकलने वाले प्रमुख झरनों में भैंरूजाम, जोगी खोला और मसानिया झरने सहित कई छोटे-बड़े झरने शामिल हैं, जो रात से ही लगातार बह रहे हैं। इन झरनों का प्राकृतिक सौंदर्य लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। कई लोग परिवार और दोस्तों के साथ यहां पहुंचकर बारिश और झरनों का आनंद लेते नजर आए। झरनों के आस-पास का हरियाली भरा वातावरण और ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी खुशनुमा बना दिया है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में तक्षकगिरी पहाड़ों के झरने लोगों के आकर्षण का केंद्र बनते हैं और इस बार भी मानसून की शुरुआत के साथ यह नजारा देखने लायक है।          


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने