36 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, व्यापारी का दोस्त निकला हत्यारा
टोंक। कोतवाली थाना क्षेत्र में ब्रज इलेक्ट्रिकल्स के मालिक पवन कुमार गर्ग की हत्या एवं लूट के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने मात्र 36 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, सोने की अंगूठी तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक टोंक रोशन मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतन लाल भार्गव तथा वृत्ताधिकारी मृत्युंजय मिश्रा के सुपरविजन में कोतवाली थाना एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार 20 जून को मृतक के भाई मुकेश कुमार गर्ग ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके भाई पवन कुमार गर्ग की 19 जून की रात ब्रज इलेक्ट्रिकल्स की दुकान के ऊपर बने रेस्ट रूम में अज्ञात व्यक्तियों ने हत्या कर दी। इस पर कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान एफएसएल, एमआईयू, डीएसटी और साइबर सेल की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। तकनीकी एवं पारंपरिक अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने आरोपी तक पहुंच बनाई और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी राकेश तांबी पुत्र निर्मल कुमार तांबी, निवासी शिवाजी नगर कम्पू, टोंक है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अलग-अलग 11 लोगों से करीब 56 लाख रुपये ब्याज पर उधार ले रखे थे और आर्थिक संकट से जूझ रहा था। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने करीब 15 दिन पहले अपने मित्र पवन कुमार गर्ग से पांच लाख रुपये उधार मांगे थे, लेकिन मृतक ने रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची। 19 जून की रात आरोपी कुल्हाड़ी और रस्सी लेकर मुंह ढककर मृतक के कमरे में पहुंचा। वहां उसने पहले मृतक के साथ शराब पी और फिर मौका देखकर पीछे से कुल्हाड़ी से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। मृतक के जीवित होने की आशंका पर उसने रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी मृतक के शरीर पर पहनी सोने की चेन और अंगूठी लूटकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटी गई सोने की चेन, सोने की अंगूठी तथा वारदात में प्रयुक्त हीरो स्पेलेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और रस्सी की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मृतक पवन कुमार गर्ग (54) निवासी पार्क प्लाजा कॉलोनी, सवाई माधोपुर रोड, टोंक थे। घटना के बाद शहर में सनसनी फैल गई थी, जिसे पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर सुलझा लिया।

