7 वृद्धजनों की पेंशन शुरू
टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। राज्य सरकार के निर्देश पर 12 जून से 15 जुलाई तक प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। शुक्रवार को पंचायत उनियारा खुर्द में ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रभारी तहसीलदार राहुल पारीक, विकास अधिकारी सतपाल कुमावत तथा अतिरिक्त विकास अधिकारी परसराम जाट मुख्य रूप से उपस्थित रहे। प्रभारी अधिकारी तहसीलदार राहुल पारीक ने शिविर में उपस्थित सभी अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण मौके पर करने के निर्देश दिए। शिविर में गांव के घीसा सागर तालाब की चादर क्षेत्र में प्रभावशाली लोगों ने अतिक्रमण करने की शिकायत पर तहसीलदार राहुल पारीक ने राजस्व टीम भेजकर जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटा कर चादर से पानी निकलने का रास्ता साफ किया। वहीं सामाजिक एवं न्याय अधिकारिता विभाग की ओर से 7 वृद्धजनों को पीपीओ जारी कर वृद्धावस्था पेंशन शुरू की। इसी तरह पंचायत राज विभाग की ओर से आवासीय पट्टे वितरित किए गए। शिविर में कृषि विभाग की ओर से किसानों को कृषि यंत्र दिए गए। शिविर में 22 विभागों के ब्लाक स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहें।
