चाकसू में स्टेट बैंक के पास नालियां व सडक़ निर्माण नहीं होने से जलभराव, मकानों में दरारों का डर


राहगीरों व दुकानदारों को रोजाना उठानी पड़ रही परेशानी

- आमीन खान 

चाकसू (सच्चा सागर)। चाकसू कस्बे में स्टेट बैंक के पास नालियों और सडक़ निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा होने के कारण क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। हालात ऐसे हैं कि थोड़ी बारिश के बाद ही सडक़ पर पानी भर जाता है और कई दिनों तक निकासी नहीं होने से गंदा पानी जमा रहता है। इससे आस-पास के निवासियों, दुकानदारों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ और नाली निर्माण नहीं होने के कारण पानी सीधे मकानों की ओर बह रहा है। कई घरों की नींव तक पानी पहुंचने लगा है, जिससे दीवारों और फर्श में दरारें आने का डर बना हुआ है। मोहल्लेवासियों में इस स्थिति को लेकर चिंता और नाराजगी दोनों दिखाई दे रही हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग और नगर पालिका को कई बार मौखिक और लिखित रूप से समस्या बताई जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द नालियों का निर्माण और सडक़ का सुधार कार्य शुरू नहीं किया गया तो आगामी मानसून में स्थिति और गंभीर हो सकती है। मोहल्लेवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र का तुरंत निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था की जाए और अधूरे सडक़ व नाली निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके और मकानों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके। स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से प्रशासन के समक्ष विरोध दर्ज कराएंगे।                 


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने