ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
नगरफोर्ट (सच्चा सागर)। ग्राम पंचायत नगरफोर्ट के वार्ड नंबर 9 पीतारामपुरा ढ़ाणी में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर टोंक को ज्ञापन सौंपा है। पीतारामपुरा निवासी भंवरलाल पुत्र अंबाल गुर्जर द्वारा दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि ढाणी में खसरा संख्या 590 की 4.35 हेक्टेयर चारागाह भूमि एवं खसरा संख्या 2826/625 की 4.15 हेक्टेयर बंजर भूमि स्थित है। आरोप है कि भूमाफियाओं द्वारा उक्त भूमि पर बाड़े, तारबंदी कर काश्त की जा रही है। ज्ञापन में कहा गया है कि अतिक्रमण के कारण ढाणी के पशु भूखे-प्यासे इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। भूमाफिया सरकारी भूमि पर कब्जा कर लाखों रुपये का लाभ उठा रहे हैं, जबकि यहां तहसील मुख्यालय होने के बावजूद भी प्रशासन इस ओर अनभिज्ञ बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या से 24 जून 2026 को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर नगरफोर्ट में उपखंड अधिकारी देवली को अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और वे आंदोलन की ओर अग्रसर हैं। ज्ञापन के माध्यम से कलेक्टर से मांग की गई है कि उक्त भूमि से अतिक्रमण हटवाकर अतिक्रमणकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के आदेश दिए जाएं, ताकि ग्रामीणों एवं पशुओं को राहत मिल सके।
