माल मोहल्ला की वारदात, सूने मकान का ताला तोडक़र लाखों के जेवर व नकदी पार
देवली (सच्चा सागर)। शहर के माल मोहल्ला स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवादी हरीश अग्रवाल ने बताया कि उनके बड़े भाई जयकुमार अग्रवाल परिवार समेत ससुराल गए हुए हैं और 26 जून को वापस लौटने वाले हैं। रिपोर्ट में बताया कि यह वारदात रविवार रात को हुई है, जब अज्ञात चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोडक़र उनके भूतल पर स्थित घर में प्रवेश किया और अलमारियों में रखे कीमती सामान को चुरा ले गए। वारदात मुख्य गेट के ताले तोडक़र की गई। परिवादी शहर के ज्योति मार्केट स्थित एक कपड़े की दुकान पर काम करते हैं। इस दौरान पीडि़त को वीडियो कॉल के जरिए स्थिति दिखाकर चोरी की वारदात का मोटा-मोटा आकलन किया गया। प्रार्थी के अनुसार मकान में ऊपर की मंजिल पर किराएदार भी रहते हैं, लेकिन उन्हें चोरी की इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। परिवादी द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, चोरों ने घर से सोने की अंगूठी, सोने का लोकेट, सोने के टॉप्स की 2 जोड़ी, चांदी की पायल की 3 जोड़ी, चांदी की बिछिया की 4 जोड़ी, चांदी की चेन, सोने की चेन, चांदी की कटोरी व चम्मच, कान की सोने की बाली की 2 जोड़ी तथा 20 हजार रुपए की नकदी चोरी कर ली है। सूचना पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात की जानकारी ली। थाने के सहायक उप निरीक्षक शिवकुमार के अनुसार प्रार्थी के भाई ने रिपोर्ट दी है। वारदात की पड़ताल की जारी रही है। इस दौरान अशोक दुबे, जसवंत सिंह चौहान समेत लोगों ने पहुंचकर मामले की जानकारी दी।
