भव्य कलश यात्रा निकाली
टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। उपखण्ड के गांव माधोगंज में तीन दिवसीय रघुनाथ जी मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। धार्मिक उल्लास और भक्तिमय माहौल के बीच निकाली गई कलश यात्रा तालाब की पाल स्थित पनघट से डीजे, जयकारों, झालर की टंकार और शंखनाद के साथ रवाना हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधान पहनकर सिर पर कलश धारण किए और मंगल गीत गाते हुए श्रद्धा का परिचय दिया। कलश यात्रा के दौरान युवा और युवतियां भजनों की धुन पर झूमते और नाचते नजर आए, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। यात्रा गांव के प्रमुख मार्गों और मुख्य बाजार से होकर ठाकुर जी मंदिर पहुंची, जहां आचार्य पंडित हनुमान शर्मा एवं पंडित महावीर शर्मा के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना, गणपति पूजन एवं अन्य देवी-देवताओं का आह्वान किया गया। महोत्सव के आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन के दौरान भगवान श्री रघुनाथ जी की प्रतिमाओं का विधिवत विभिन्न वास कराया जाएगा तथा वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना संपन्न होगी। आयोजन को लेकर पूरे गांव में उत्साह का माहौल बना हुआ है और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी देखने को मिल रही है।
