स्वास्थ्य निरीक्षक को जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज

टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। नगरपालिका कार्यालय में ड्यूटी के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नगरपालिका अधिशासी अधिकारी पवन कुमार बेनीवाल ने संबंधित कर्मचारी के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। ईओ पवन कुमार बेनीवाल ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे नगरपालिका कार्यालय में स्वास्थ्य निरीक्षक सिकंदर राजकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान निलंबित सफाई कर्मचारी इमरान अली कार्यालय पहुंचा और उपस्थिति रजिस्टर में पूर्व तिथियों की हाजिरी दर्ज करने की जिद करने लगा। रिपोर्ट के अनुसार इमरान अली पिछले करीब तीन वर्षों से अपने मूल पद पर कार्य नहीं करने के कारण निलंबित चल रहा है और उसका मुख्यालय नगरपालिका टोड़ारायसिंह निर्धारित है। इसके बावजूद वह नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थिति दर्ज नहीं करता है। जब स्वास्थ्य निरीक्षक ने नियमों का हवाला देते हुए पिछली तिथियों में उपस्थिति दर्ज करने से इनकार किया, तो इमरान अली ने कथित रूप से गाली-गलौच शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि रास्ते में कहीं भी मार दूंगा। साथ ही सफाई कार्य करने से भी इनकार कर अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए धमकाया। इस घटना से नगरपालिका कार्यालय में अफरा-तफरी और भय का माहौल बन गया तथा राजकीय कार्य भी प्रभावित हुआ। ईओ ने अपनी रिपोर्ट में इसे लोक सेवक को उसके कर्तव्य निर्वहन से रोकने और गंभीर आपराधिक धमकी का मामला बताते हुए इमरान अली के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।          


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने