मुख्य पाइपलाइन दुरुस्त, आज से मिलेगी पानी की सप्लाई


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
सूरजपुरा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से दूदू की ओर जाने वाली 1000 एमएम मुख्य राइजिंग पाइपलाइन रविवार दोपहर रीको औद्योगिक क्षेत्र श्रीनगर के पास अचानक क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे मालपुरा सहित मोर पंप हाउस से जुड़े कई गांवों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई। पाइपलाइन टूटने से क्षेत्र में जल संकट की स्थिति बन गई और सोमवार को कई इलाकों में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद रही। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सहायक अभियंता रवि विश्नोई के नेतृत्व में विभागीय तकनीकी टीम तुरंत मौके पर पहुंची और युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य शुरू किया। लगातार कई घंटों की मेहनत के बाद सोमवार शाम करीब 5 बजे पाइपलाइन को सफलतापूर्वक दुरुस्त कर लिया गया। इसके बाद प्रभावित क्षेत्रों में जलापूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। सहायक अभियंता रवि विश्नोई ने बताया कि पाइपलाइन में लीकेज और तकनीकी खराबी के कारण मोर पंप हाउस से होने वाली जलापूर्ति पूरी तरह बाधित रही थी। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद अब मालपुरा, मोर क्षेत्र और आसपास के गांवों में मंगलवार से नियमित रूप से पेयजल आपूर्ति की जाएगी। विभाग ने कहा कि तकनीकी टीम ने तेजी और समन्वय के साथ काम करते हुए समय पर पाइपलाइन को दुरुस्त कर बड़ी राहत पहुंचाई है। जलापूर्ति बहाल होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।        


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने