पीहर पक्ष ने दहेज उत्पीडऩ व हत्या का लगाया आरोप
चाकसू (सच्चा सागर)। गुंसी गांव निवासी विवाहिता बीना सैनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार रात परिजन उन्हें चाकसू स्थित राजकीय उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना चाकसू पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मृतका के पिता ताराचंद सैनी, जो चाकसू के चावण्डिया गांव के निवासी हैं, अपने परिजनों के साथ चाकसू थाने पहुंचे। चूंकि गुंसी गांव निवाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है, इसलिए पोस्टमार्टम एवं अन्य कानूनी कार्रवाई के लिए मामला निवाई थाना पुलिस को सौंपा गया। पीहर पक्ष ने मृतका के पति राकेश सैनी सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर दहेज की मांग और घरेलू उत्पीडऩ के आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि आए दिन गृह क्लेश किया जाता था तथा गला घोंटकर बीना सैनी की हत्या की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि मृतका के दो बच्चे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी करते हुए पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
