अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर चनानी में हुआ भव्य सामूहिक योगाभ्यास


राजेश कनेसर ने दिलाई रोज योग की शपथ

निवाई (सच्चा सागर)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चनानी, निवाई के खेल मैदान में शनिवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। योग प्रशिक्षक राजेश कनेसर के निर्देशन में ‘कॉमन योग प्रोटोकॉल’ के तहत सैंकड़ों ग्रामीणों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। प्रात: 6:30 बजे शुरू हुए कार्यक्रम में प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक साथ मैदान में जुटे। उगते सूर्य को साक्षी मानकर प्रतिभागियों ने ताड़ासन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं अन्य योगासनों का अभ्यास किया। इस दौरान पद और उम्र का भेद मिटता नजर आया तथा पूरा मैदान ‘निरोगी चनानी, निरोगी भारत’ के नारों से गूंज उठा। योग प्रशिक्षक राजेश कनेसर ने सूर्य नमस्कार को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए इसके शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त जीवन जी सकता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रामवतार शर्मा ने कहा कि योग भारत की विश्व को सबसे बड़ी देन है। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारत की हजारों वर्षों पुरानी संस्कृति और जीवन पद्धति का महत्वपूर्ण अंग है। समापन अवसर पर राजेश कनेसर ने उपस्थित जनसमूह को प्रतिदिन योग करने की शपथ दिलाई। सभी ने हाथ उठाकर संकल्प लिया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएंगे। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सारिका सिंह, मंजू सामोता, धर्मपाल यादव, रामवतार शर्मा, दीपेंद्र सिंह, अर्पित अग्रवाल, मनमोहन चौधरी, संतोष चौधरी, हनुमान मीणा, मदन बैरवा, भेरूलाल शर्मा, सुरेंद्र यादव, हंसा यादव, संयोजीराम यादव, आशा सहयोगिनी चंदा यादव सहित कनेसर, मंजूकड़ा, गोपालपुरा, ब्रजलालपुरा एवं आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने