मंडी व्यापारियों ने विक्रय पर्ची जारी करने का किया विरोध, चेयरमैन को सौंपा ज्ञापन


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
कृषि उपज मंडी टोड़ारायसिंह के व्यापारियों ने मंडी समिति द्वारा कोटा स्थित महेश एडीबल इंडस्ट्रीज को विक्रय पर्ची जारी किए जाने का विरोध करते हुए मंडी चेयरमैन को ज्ञापन सौंपा। कृषि उपज मंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय कुमार गर्ग मोदी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में व्यापारियों ने मंडी समिति पर मनमानी और मिलीभगत के आरोप लगाते हुए उक्त फर्म को विक्रय पर्ची जारी नहीं करने की मांग की। ज्ञापन में व्यापारियों ने कहा कि महेश एडीबल इंडस्ट्रीज को केवल कृषि उपज खरीदने और व्यापार करने का लाइसेंस जारी किया गया है, जबकि विक्रय पर्ची जारी करने का प्रावधान नहीं है। इसके बावजूद नियमों की अनदेखी कर फर्म को विक्रय पर्ची जारी की जा रही है। व्यापारियों का आरोप है कि फर्म का डिपो और जीएसटी पंजीकरण भी संदिग्ध है, जिससे मंडी समिति को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। व्यापारियों ने बताया कि यदि फर्म को विक्रय पर्ची जारी करने की अनुमति दी जाती है तो इससे स्थानीय व्यापार प्रभावित होगा, कालाबाजारी को बढ़ावा मिलेगा तथा मंडी कर के रूप में प्राप्त होने वाले राजस्व में भी कमी आएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि महेश एडीबल इंडस्ट्रीज को विक्रय पर्ची जारी की गई तो कृषि उपज मंडी व्यापार मंडल अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी मंडी समिति की होगी। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि उक्त फर्म को लाइसेंस दिलाने में गारंटर बनी हर्ष ट्रेडिंग कंपनी स्वयं मंडी कर चोरी के एक मामले में जांच के दायरे में है। इस दौरान अध्यक्ष संजय कुमार गर्ग मोदी, हंसराज गुर्जर रलावता, कैलाश सैनी, सुनील कुमार, राजेश चौधरी, लक्ष्मण चौधरी, राजेश मोडकिया, घनश्याम साहू, गिरिराज प्रसाद खंडेलवाल, बद्री प्रसाद, रमेशचंद साहू, अभिषेक जैन, राकेश जैन, जितेंद्र कुमार अग्रवाल, रजनीश सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।       


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने