एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
देवली (सच्चा सागर)। नासिरदा के लोगों ने सोमवार को देवली एसडीओ ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में व्याप्त अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव की सांसी बस्ती में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध शराब और स्मैक जैसे नशीले पदार्थों का कारोबार खुलेआम किया जा रहा है, जिसके कारण स्थानीय युवा पीढ़ी नशे की लत का शिकार होकर बर्बाद हो रही है। ज्ञापन में ग्रामीणों ने उल्लेख किया कि इन नशा तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे आए दिन शांति व्यवस्था को भंग कर रहे हैं। हाल ही में 28 जून को इन व्यक्तियों द्वारा कैलाश धाकड़ के परिवार के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि इन्हीं लोगों ने पूर्व में महावीर शर्मा और बालूराम माली की कृषि भूमि पर भी जबरन कब्जा कर रखा है। सभी ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए उपखंड अधिकारी से आग्रह किया है कि उक्त आरोपियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए और उनके अवैध कब्जों को हटवाया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इन गतिविधियों पर रोक नहीं लगाई गई, तो गांव का सामाजिक वातावरण और भी अधिक बिगड़ सकता है।
