शिक्षा के भामाशाहों का सम्मान, शिक्षा श्री उपाधि से हुए विभूषित


मालपुरा (सच्चा सागर)।
राजस्थान सरकार के शिक्षा विभाग की ओर से जिला स्तरीय भामाशाह सम्मान समारोह-2026 का आयोजन राबाउमावि न्यू टोंक के सभागार में किया गया। समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सहयोग और प्रेरणादायी योगदान देने वाले भामाशाहों एवं भामाशाह प्रेरकों को ‘शिक्षा श्री’ उपाधि से सम्मानित किया गया। समारोह में टोंक जिले से भामाशाह प्रेरक के रूप में राकेश कुमार जैन (राउमावि कांटोली) एवं रामबाबू विजय (प्रधानाचार्य, राउमावि चावंडिया) को सम्मानित किया गया। वहीं भामाशाह के रूप में महेश कुमार गुप्ता, देवीशंकर शर्मा (राउप्रावि पीनणी) तथा जयपुर निवासी गोपाल लाल गुप्ता को शिक्षा श्री उपाधि से विभूषित किया गया। इस अवसर पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी सुबेसिंह यादव, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) कृष्णगोपाल शर्मा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) महेश शर्मा, प्रधानाचार्य विनोद कुमार शर्मा, कार्यालय सहायक रविंद्र, विष्णु, पुरुषोत्तम, नीरज सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया कि विभागीय मापदंडों के अनुसार शिक्षा के क्षेत्र में एक लाख रुपये या उससे अधिक का सहयोग करने वाले दानदाताओं को भामाशाह, जबकि पांच लाख रुपये या उससे अधिक के सहयोग के लिए प्रेरित करने वाले व्यक्तियों को भामाशाह प्रेरक के रूप में प्रत्येक वर्ष जिला स्तर पर सम्मानित किया जाता है। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि समाज के भामाशाहों और प्रेरकों के सहयोग से विद्यालयों में संसाधनों का विस्तार हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो रहा है। शिक्षा के प्रति समाज की यह भागीदारी अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।  


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने