ग्रामीण सेवा शिविर का मंत्री कन्हैयालाल चौधरी व जिला कलेक्टर ने किया निरीक्षण

अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

मालपुरा (सच्चा सागर)। ग्राम पंचायत तिलांजू में गुरुवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण राजस्थान सरकार के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी एवं टोंक जिला कलेक्टर टीना डाबी ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की प्रगति का अवलोकन किया। मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर सरकार और आमजन के बीच संवाद का सशक्त माध्यम हैं, जिनके जरिए लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला कलेक्टर ने भी शिविर में प्राप्त प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण एवं शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाओं की पहुंच और अधिक सुदृढ़ हुई है। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी कपिल शर्मा, तहसीलदार पवन मातवा, विकास अधिकारी महेंद्र जैन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर में आमजन ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी समस्याओं एवं मांगों से प्रशासन को अवगत कराया।  


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने