1 साल से सार्वजनिक हैंडपंप पर कब्जा, मीठे पानी पर मोटर लगाकर खेत-घर भर रहे अतिक्रमणकारी


पुलिस शिकायत के बाद भी नहीं हटी बाड़, विकास अधिकारी ने अब 7 दिन का अल्टीमेटम दिया

नगरफोर्ट (सच्चा सागर)। ग्राम पंचायत चारनेट के ग्राम गेरोटी, वार्ड नंबर 2 में सरकारी हैंडपंप पर पिछले 1 साल से भी अधिक समय से कब्जा जमा रखा है। अतिक्रमणकारियों ने मीठे पानी वाले हैंडपंप को कांटे की बाड़ से घेरकर उसमें निजी मोटर डाल दी। अब इसका पानी खेती के साथ-साथ पाइप लाइन से सीधे घरों में भी जा रहा है। पुलिस शिकायत बेअसर: ग्राम वासियों ने बताया कि पूर्व में भी इस अतिक्रमण की शिकायत पुलिस थाना घाट में दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। नतीजा ये हुआ कि रेखा पत्नी हेमराज व रामावतार पुत्र किशन मीणा ने हौसले बुलंद कर हैंडपंप के प्लेटफॉर्म को तोड़ दिया और चारों ओर कंटीली बाड़ लगा दी। विरोध करने वालों को गाली-गलौज व मारपीट की धमकी दी जाती है।

गांव की जीवनरेखा बना था हैंडपंप

ग्रामीणों के अनुसार हैंडपंप का पानी मीठा होने के कारण मोहल्लेवासियों के साथ-साथ पूरा गांव पीने के लिए इसी पर निर्भर था। लेकिन अब मोटर व पाइप कनेक्शन के कारण आमजन को एक बूंद पानी नसीब नहीं हो रहा। रास्ते चलते राहगीर भी प्यासे लौट रहे हैं। 

ग्रामीण सेवा शिविर में विकास अधिकारी ने लिया संज्ञान

पंचायत समिति देवली की विकास अधिकारी रानू इन्किया के नगरफोर्ट में लगे ग्रामीण सेवा शिविर में उपसरपंच शीला मीणा ने ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। विकास अधिकारी ने गंभीरता दिखाते हुए ग्राम विकास अधिकारी चारनेट बाबूलाल को निर्देश दिए कि सार्वजनिक संपत्ति को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। 7 दिन में हटाओ वरना एफआईआर ग्राम विकास अधिकारी बाबूलाल ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस थमा दिया है। 7 दिवस में हैंडपंप खाली नहीं करने पर मशीनरी लगाकर अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सार्वजनिक संपत्ति क्षति अधिनियम के तहत पुलिस थाना घाड में रिपोर्ट दर्ज कराने की चेतावनी दी गई है। खर्च भी अतिक्रमणकारियों से वसूला जाएगा।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने