सांवरिया सेठ दर्शन के लिए जा रही कार खंभे से टकराई, युवक की मौत

तीन साथी गंभीर घायल, मवेशी को बचाने के प्रयास में बिगड़ा संतुलन

टोंक (सच्चा सागर)।  जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार अलसुबह एक दर्दनाक सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सदर थाना क्षेत्र में उस समय हुआ जब सांवरिया सेठ के दर्शन करने जा रही एक कार अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई।

मवेशी को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 4 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक ने अचानक सामने आए एक मवेशी को बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद कार तेज गति से सडक़ किनारे स्थित बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

फरीदाबाद के चार युवक थे कार में सवार

पुलिस ने बताया कि कार में हरियाणा के फरीदाबाद निवासी जय सतीश, हर्ष, यश और अभय सवार थे। चारों मित्र चित्तौडग़ढ़ स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। हादसे में जय सतीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हर्ष, यश और अभय गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों का अस्पताल में उपचार जारी

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए सआदत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया तथा परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने