राहोली विद्यालय की उपलब्धियों को बताया क्षेत्र का गौरव
निवाई (सच्चा सागर)। निवाई-पीपलू विधायक रामसहाय वर्मा ने पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राहोली की राष्ट्रीय अवार्ड विजेता टीम से विशेष मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया तथा उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान कीं। मुलाकात के दौरान विधायक ने विद्यालय द्वारा शिक्षा, नवाचार, सामाजिक जागरूकता एवं छात्र विकास के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राहोली ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उन्होंने विद्यालय को प्राप्त टीओएफईआई स्कूल चैलेंज राष्ट्रीय पुरस्कार को न केवल विद्यालय बल्कि निवाई-पीपलू क्षेत्र एवं सम्पूर्ण राजस्थान के लिए गौरव का विषय बताया। विधायक ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यालय परिवार द्वारा किए जा रहे नवाचार, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु संचालित गतिविधियां तथा समाज हित में किए जा रहे प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं। उन्होंने पीएमश्री टीम राहोली को संबोधित करते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के बल पर कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है तथा राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां इसी समर्पण का परिणाम हैं। प्रिन्सिपल फोरम निवाई के अध्यक्ष देवेन्द्रपाल सिंह ने बताया कि विधायक वर्मा ने प्रधानाचार्य व पीईईओ डॉ. योगेंद्र सिंह नरुका, उपाचार्य ममता भण्डारी, शिक्षक पूजा पाटीदार, प्रेमचन्द बैरवा का अभिनन्दन किया। प्रधानाचार्य डॉ. नरूका ने विद्यालय की शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सामाजिक उपलब्धियों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर विधायक ने विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे विद्यालय ही विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यालय परिवार को भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा विद्यार्थियों को निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने विधायक का आभार व्यक्त किया। इस दौरान राष्ट्रीय अवार्ड विजेता टीम के सदस्य, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विधायक की इस प्रेरणादायक मुलाकात से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में उत्साह का संचार हुआ तथा सभी ने भविष्य में और अधिक उपलब्धियां हासिल करने का संकल्प लिया।
