- भगवान गौतम
रानोली (सच्चा सागर)। सरकार के स्वच्छता अभियान के दावों के बीच रानोली कस्बे में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कस्बे में जगह-जगह नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सडक़ों पर बह रहा है, जिससे सहकारी समिति से तेजाजी चौक तक पैदल निकलना भी दूभर हो चुका है। व्यापार मंडल अध्यक्ष गिरिराज तंवर और युवा नेता पवन स्वामी सहित ग्रामीणों ने बताया कि सडक़ पर फैले कीचड़ और जलभराव के कारण राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के फिसलकर चोटिल होने का खतरा बना हुआ है। पिछले वर्ष भी इसी रास्ते पर मोटरसाइकिल से गिरकर एक बुजुर्ग महिला का पैर टूट गया था। इसके अलावा, जमा गंदे पानी से उठती दुर्गंध और मच्छरों के कारण मौसमी बीमारियों का प्रकोप फैलने की आशंका गहरा गई है।
ठेकेदार पर मेहरबानी, शो-पीस बनी कचरा गाड़ी
ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई ठेकेदार केवल मुख्य बस स्टैंड पर तीन कर्मचारी लगाकर खानापूर्ति कर रहा है और लाखों रुपए का बजट उठा रहा है। बस स्टैंड पर भी नालियों से निकाला गया कचरा सडक़ों पर ही छोड़ दिया जाता है। वहीं, ग्राम पंचायत की कचरा संग्रहण गाड़ी केवल शो-पीस बनकर खड़ी है। प्रशासन और ग्राम पंचायत की इस उदासीनता से आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था सुचारू नहीं की गई, तो वे पंचायत प्रशासन के खिलाफ सामूहिक रूप से उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
