डेढ़ वर्ष बाद भी शुरू नहीं हुई बीसलपुर पेयजल योजना, ग्रामीणों ने जताई नाराजगी


सिरस (सच्चा सागर)।
वजीराबाद गांव में बीसलपुर पेयजल योजना के तहत निर्मित पानी की टंकी का निर्माण हुए करीब डेढ़ वर्ष बीत जाने के बावजूद पेयजल सप्लाई शुरू नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण राकेश बुरी, रमेशचंद शर्मा सहित अन्य लोगों ने बताया कि वजीराबाद गांव में निर्मित नई पानी की टंकी को बीसलपुर पेयजल योजना की मुख्य पाइपलाइन से जोडऩे के लिए पराना गांव तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य भी पूरा हो चुका है। इसके बावजूद अब तक योजना के तहत जलापूर्ति शुरू नहीं की गई है। ग्रामीणों ने बताया कि वजीराबाद और खलीलाबाद गांवों में घर-घर पेयजल कनेक्शन देने के लिए पाइपलाइन बिछाने के साथ कनेक्शन भी जारी कर दिए गए हैं, लेकिन योजना का संचालन शुरू नहीं होने से लोगों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान में दोनों गांवों की पेयजल आपूर्ति नाटवाड़ा गांव की जल योजना से की जा रही है, लेकिन पर्याप्त पानी नहीं पहुंचने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को पत्र भेजकर वजीराबाद गांव की नवीन पेयजल टंकी से शीघ्र जलापूर्ति शुरू करवाने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।   


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने