‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम के साथ देवली में भव्य आयोजन, हजारों ने किया योग
देवली में 3876 प्रतिभागियों के साथ 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न
- विनोद धर्मानी
देवली (सच्चा सागर)। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र देवली में रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रही। जिसका उद्देश्य योग के माध्यम से शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है। इस अवसर पर आरटीसी देवली के सेरेमोनियल ग्राउंड, नगर पालिका, महावीर उद्यान और संरक्षिका कॉम्प्लेक्स पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुल 3 हजार 876 प्रशिक्षुओं, अधिकारियों, पारिवारिक सदस्यों एवं देवली वासियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ योग दिवस के महत्व एवं इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर प्रकाश डालते हुए किया गया। प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास अपनाकर एक स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योग सत्र आयोजित किया गया। आरटीसी देवली के प्राचार्य और उप महानिरीक्षक नरेंद्र देव आनंद ने सभी प्रतिभागियों से कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक सुदृढ़ता, मानसिक एकाग्रता एवं आत्मिक शांति प्रदान करता है। उन्होंने सभी को योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवन के लिए नियमित योगाभ्यास जारी रखने का संकल्प लिया।
