12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम में उमड़े लोग


देवली (सच्चा सागर)।
शहर के नगर पालिका टीन शेड परिसर में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ब्लॉक स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसमें उपखंड अधिकारी रूबी अंसार, पालिका अधिशासी अधिकारी अमरचंद गुर्जर और थाना अधिकारी दौलतराम गुर्जर विशेष रूप से उपस्थित थे। ब्लॉक योग कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पीएल जांगिड़ ने बताया कि योग शिक्षक नवल पारीक, जितेंद्र सिंह पल्लवी सिंह के मार्गदर्शन में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों और बड़ी संख्या में आमजन ने कपालभाति, सूर्य नमस्कार, अनुलोम-विलोम और शवासन जैसी कई योग क्रियाओं का अभ्यास किया। इस दौरान प्रशिक्षकों ने योग के माध्यम से शरीर, मन और आत्मा के मिलन और इसके स्वास्थ्य लाभों पर विस्तृत चर्चा करते हुए इसे दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया। आयोजन की सफलता में डॉ. हजारीलाल बैरवा, हीरालाल, मनोज कुमार, रामनिवास सेन, साधना मेघवंशी, अफसाना बानो ने सहयोग किया। अंत में पेंशनर समाज व जन सेवा समिति की ओर से सभी प्रतिभागियों को मिल्क रोज पिलाया गया। इसी तरह एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक देवली द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बैंकिंग जागरूकता और योग के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया गया। यहां बैंक की ओर से उपस्थित लोगों को एनर्जी ड्रिंक का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में क्लस्टर मैनेजर सुनील दाधीच, ब्रांच मैनेजर संदीप, सुमित गौत्तम, अक्षय कुमार सिंहल, आशीष, दीपक, शंकर, अक्षय जैन और अक्षय गौतम सहित उपस्थित थे। वहीं महावीर उद्यान में महिला पतंजलि योग समिति एवं विभिन्न महिला संगठनों द्वारा भव्य योग महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 200 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लिया और तहसील प्रभारी स्वाति खत्री के नेतृत्व में सामूहिक योगाभ्यास किया। संरक्षिका कमलेश मूंदड़ा ने योग के वैश्विक महत्व पर प्रकाश डाला। उधर, तालुका विधिक सेवा समिति, देवली द्वारा न्यायालय परिसर में योग शिविर आयोजित किया गया, जिसमें सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रेया सोनी ने योग को जीवन में सामंजस्य स्थापित करने वाला अभ्यास बताया। साथ ही पनवाड़ स्थित मानसिक विमंदित गृह में चल रहे 21 दिवसीय विशेष योग शिविर का भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के साथ समापन हुआ। शिविर में प्रशिक्षक पीएलवी भगवान कंवर द्वारा न्यायिक कर्मचारियों और बच्चों को तनाव प्रबंधन एवं स्वस्थ जीवन जीने के गुर सिखाए गए। दूनी स्थित पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में तहसील स्तरीय कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम शहरी संकुल शिक्षा अधिकारी कैलाश वर्मा और आयुर्वेद अधिकारी प्रेमराज मीणा के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें योग ट्रेनर खुशीराम गुर्जर और दिव्यांशी जैन ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया।     


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने