हजारों ने किया योगाभ्यास
नगरफोर्ट (सच्चा सागर)। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम पर रविवार को नगरफोर्ट में उत्साह के साथ मनाया गया। आयुर्वेदिक चिकित्सालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय और मांडव ऋषि तपोभूमि मिनी पुष्कर मांडकला सरोवर तट पर सामूहिक योग प्रदर्शन व शिविर आयोजित किए गए। हजारों नागरिक, विद्यार्थी व साधु-संतों ने भाग लेकर योग को जीवनशैली बनाने का संकल्प लिया।
आयुर्वेदिक चिकित्सालय : डॉ. मयंक मीणा ने बताई योग की उपयोगिता
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय नगरफोर्ट पर योग प्रशिक्षक राहुल चौधरी व महिला योग प्रशिक्षक पूजा सोहेल ने उपस्थित महिला-पुरुषों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम व ध्यान की विधियां सिखाईं। चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सक डॉ. मयंक मीणा ने नागरिकों को योग दिवस व योग की उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डॉ. परिता ने योग से होने वाले स्वास्थ्य लाभ बताए। डॉ. मयंक मीणा ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में योग शरीर, मन और मस्तिष्क को स्वस्थ रखता है तथा शरीर को बीमारियों से मुक्त रखता है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित विद्यार्थियों, कर्मचारियों व नागरिकों को योग अपनाने की प्रेरणा दी गई।
कन्या महाविद्यालय : ‘योग जीवन जीने की कला’
राजकीय कन्या महाविद्यालय नगरफोर्ट में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी डॉ. पंकज कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनावमुक्त रहने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। संकाय सदस्य डॉ. नेत्रपाल सिंह, सोनू चंदेल व मोहम्मद जावेद की उपस्थिति में योग प्रशिक्षक मुकेश कुमार शर्मा के निर्देशन में छात्राओं व स्टाफ ने योग-प्राणायाम किया।
मिनी पुष्कर मांडकला : शंखनाद व दीप प्रज्वलन से शुरू हुआ योग
मांडव ऋषि तपोभूमि तीर्थ स्थल मिनी पुष्कर मांडकला के सरोवर तट स्थित मांडव ऋषि योग आश्रम पर महामंडलेश्वर अमरदास मुनि बाबा के सान्निध्य में युवा योग गुरु आचार्य महेंद्र कुमार साहू के मार्गदर्शन में योग दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद व मंत्रोच्चार के साथ महामंडलेश्वर अमरदास मुनि बाबा द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। योग आश्रम के योगी गणेश साहू ने मुनि बाबा का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। योगिनी निशा कंवर ने सूक्ष्म व्यायाम, आसन व प्राणायाम का प्रदर्शन कर उपस्थित जन को योगाभ्यास करवाया व स्वास्थ्य लाभ की जानकारी दी। योग गुरु महेंद्र साहू ने प्राणायाम व शांति पाठ करवाकर कार्यक्रम का समापन किया। महामंडलेश्वर अमरदास मुनि बाबा ने योग की आध्यात्मिक महिमा बताई। योग कोच धवन साहू ने आसन व प्राणायाम के लाभ समझाए। कार्यक्रम में दुर्गा लाल साहू, शंभूदयाल सैनी व गणेश नामा मुख्य अतिथि रहे। मांडकला के मंदिरों के पुजारी सहित आस-पास के बालक-बालिकाएं, महिला-पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। अंत में प्रसादी व शीतल पेय वितरित किए गए।
