अंधड़-बारिश से बदला मौसम का मिजाज, 7 एमएम बारिश से गर्मी से राहत, बिजली व्यवस्था चरमराई


लांबाहरिसिंह (सच्चा सागर)।
क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में शनिवार रात करीब 9 बजे मौसम ने अचानक करवट ले ली। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहने के चलते बदलाव के संकेत मिल रहे थे, लेकिन रात होते-होते तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया, जो रविवार सुबह 4 बजे तक रुक-रुक कर जारी रहा। रविवार तडक़े हुई बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सिंचाई विभाग के कार्यवाहक कर्मचारी श्रवण नामा के अनुसार रात से सुबह तक कुल 7 एमएम बारिश दर्ज की गई। मौसम के इस बदलाव से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं शादी समारोह स्थलों पर अव्यवस्था के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर की कई सडक़ों और खेतों में पानी बह निकला, जबकि दिनभर आसमान में घने बादल छाए रहने से सूरज नजर नहीं आया। रविवार दोपहर 12 बजे अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गौरतलब है कि पिछले दो दिनों से क्षेत्र में मौसम लगातार बिगड़ा हुआ है। शुक्रवार को आए अंधड़ के बाद शनिवार रात को भी तेज हवाओं और बूंदाबांदी ने जनजीवन को प्रभावित किया। ठंडी हवाओं के चलते मौसम में ठंडक घुल गई और दोपहर के समय भी अंधेरा जैसा माहौल बना रहा। बार-बार हो रही बिजली कटौती ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी। अंधड़ के कारण कई फीडरों पर बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। बिजली निगम की टीमें मौके पर युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। इंजीनियर अमित कुमार शर्मा ने बताया कि जल्द ही प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने