टोंक में कलेक्टर टीना डाबी की 7 घंटे लंबी जनसुनवाई 196 प्रकरण सुने, मौके पर ही कार्रवाई—अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

 

टोंक (सच्चा सागर)जिला मुख्यालय पर कलेक्टर टीना डाबी ने अपनी पहली जिला स्तरीय जनसुनवाई में सख्त और संवेदनशील प्रशासन की झलक दिखाई। करीब 7 घंटे तक चली इस जनसुनवाई में कुल 196 प्रकरण सामने आए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। आमजन की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।


जनसुनवाई के दौरान अतिक्रमण की शिकायत मिलते ही नगर परिषद की टीम हरकत में आई और नेहरू पार्क के पास अवैध निर्माण पर जेसीबी चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई से प्रशासन की सख्ती साफ नजर आई और लोगों में भरोसा बढ़ा।

व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए इस बार जनसुनवाई में पहली बार टोकन सिस्टम लागू किया गया। इससे लोगों को लंबी लाइन और अव्यवस्था से राहत मिली। प्रत्येक परिवादी को क्रमवार बुलाकर उसकी समस्या सुनी गई, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम बनी।

कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिकायतों का रिकॉर्ड रखने के लिए नियमित रूप से ‘शिकायत रजिस्टर’ मेंटेन करें। साथ ही ब्लॉक स्तर पर ही अधिक से अधिक समस्याओं का समाधान करने पर जोर दिया गया, ताकि ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े।

जनसुनवाई में बिजली, पानी, सीवरेज, अतिक्रमण और किसानों के खेतों से जल निकासी से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें और फीडबैक के आधार पर समाधान सुनिश्चित करें।

इस जनसुनवाई ने साफ कर दिया कि जिला प्रशासन अब त्वरित कार्रवाई और जमीनी स्तर पर समाधान की दिशा में सक्रिय नजर आ रहा है, जिससे आमजन को राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने