देवली : ओवरलोड वाहनों से लोग परेशान, डंपर रोककर जताया विरोध


देवली (सच्चा सागर)।
शहर के जयपुर रोड स्थित इमानुएल मिशन स्कूल के पास वाली कॉलोनी के लोगों ने सोमवार को ओवरलोड वाहनों के अवैध आवागमन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि उनके द्वारा निजी प्रयासों से बनाई गई सडक़ पर दिनभर भारी ओवरलोड डंपर गुजरते हैं, जिससे न केवल सडक़ क्षतिग्रस्त हो रही है, बल्कि आए दिन बिजली के तार टूटने और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। डंपर मालिकों और चालकों को बार-बार समझाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर आज आक्रोशित लोगों ने गिट्टी से भरे एक ओवरलोड डंपर को रोक लिया और इसकी सूचना पुलिस हेल्पलाइन 112 पर दी। इस दौरान मौके पर मनोज शर्मा, सत्येंद्र सिंह, विजय कुमार, भंवरलाल, लवली, छीतर लाल समेत कई कॉलोनीवासी मौजूद थे। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने पुलिस को पत्र सौंपकर बताया कि क्रेशर के ये वाहन कॉलोनी की शांति और सुरक्षा के लिए खतरा बन गए हैं। निवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इन ओवरलोड वाहनों को तुरंत जब्त किया जाए और कॉलोनी की सडक़ों पर इनके प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाएं।   


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने