प्रॉपर्टी की आड़ में चल रहा ऑनलाइन सट्टे का बड़ा खेल उजागर


निवाई (सच्चा सागर)।
आईपीएल मैचों पर सट्टा लगाने वाले गिरोह के खिलाफ निवाई पुलिस ने एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। पुलिस ने ‘बालाजी प्रॉपर्टीज’ के कार्यालय पर छापा मारकर प्रॉपर्टी व्यवसाय की आड़ में चल रहे ऑनलाइन सट्टे के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी बाबूलाल विजय को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह पूरी कार्यवाही डीएसपी रवि प्रकाश शर्मा के कुशल सुपरविजन और थानाधिकारी घासीलाल के नेतृत्व में गठित एक विशेष टीम द्वारा की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नेशनल हाईवे-52 (एनएच-52) पर स्थित एक प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस में आईपीएल मैचों पर लाखों का दांव लगाया जा रहा है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आरोपी बाबूलाल विजय को रंगे हाथों सट्टा लगाते हुए दबोचा। पुलिस ने आरोपी के पास से 5 हजार रुपये से अधिक की नकद राशि, 2 एंड्रॉइड मोबाइल और अन्य सट्टा उपकरण, 40 से अधिक सट्टे के हिसाब की पर्चियां, जिनमें लाखों रुपये के लेन-देन का विवरण है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि इस गिरोह के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सट्टे के इस बड़े कारोबार के मास्टरमाइंड तक पहुँचा जा सके। थानाधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्यवाही की जा रही है।       


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने