- रवि शर्मा
मालपुरा (सच्चा सागर)। मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम जब सफलता बनकर सामने आता है, तो वह पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन जाता है। ऐसा ही गौरवपूर्ण क्षण मालपुरा उपखंड क्षेत्र के लिए आया है, जहां तीन प्रतिभाओं ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा (आरएएस) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मालपुरा निवासी अनुज माहेश्वरी (घाटी वाले) पुत्र मुकेश माहेश्वरी ने 219वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं अरणिया बस्सी गांव की बेटी मधु चौधरी पुत्री रामप्रसाद चौधरी ने 447वीं रैंक प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि ग्रामीण परिवेश की बेटियां भी किसी से कम नहीं हैं और सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकती हैं। इसी कड़ी में कचोलिया निवासी डॉ. मनीष कुमार भादा पुत्र उम्मेद सिंह भादा ने 473वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र को एक और बड़ी उपलब्धि दिलाई है। उनकी इस सफलता से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। तीनों होनहारों की इस उपलब्धि ने न केवल मालपुरा, बल्कि पूरे क्षेत्र में उत्साह की नई लहर पैदा कर दी है। परिजन, मित्रगण, समाजजन एवं जनप्रतिनिधि लगातार बधाइयां दे रहे हैं। यह सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है, जो यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कोई भी मंजिल दूर नहीं।
