नि:शुल्क चश्मा वितरण शिविर में 350 लाभार्थियों को मिला लाभ
निवाई (सच्चा सागर)। शहर में श्याम धर्मार्थ सेवा संस्थान के तत्वावधान में संस्थान के अध्यक्ष दिलीप इसरानी के सानिध्य में नि:शुल्क चश्मा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वितरण के दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर मुस्कान देखी गई। शहर अध्यक्ष नितिन छाबड़ा ने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य समाज के उन वर्गों की सहायता करना है, जिन्हें स्वास्थ्य सेवाओं की अत्यंत आवश्यकता है। शिविर के दौरान करीब 350 महिला व पुरुषों के आंखों की जांच के उपरांत उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले चश्मे नि:शुल्क वितरित किए गए। संस्थान के अध्यक्ष दिलीप इसरानी ने कहा कि नर सेवा ही नारायण सेवा है और संस्थान भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उपस्थित महिला व पुरुषों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर नितिन छाबडा, नितेश बरवाडा, जितेन्द्र विजय, जीतू धारवाल, अनिल केशवानी व श्योजराम फोजी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
