जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी : जिला कलेक्टर


खंडवा में कलेक्टर टीना डाबी ने लगाई रात्रि चौपाल, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश   

निवाई (सच्चा सागर)। जिला कलेक्टर टीना डाबी ने निवाई उपखंड के खंडवा गांव में ‘रात्रि चौपाल’ आयोजित कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना। चौपाल के दौरान कलेक्टर ने श्मशान भूमि विवाद, रास्तों पर अतिक्रमण, वन व पंचायत भूमि से पेड़ों की अवैध कटाई और खनन जैसी गंभीर शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों ने बिजली कटौती और बीसलपुर योजना के तहत घर-घर नल कनेक्शन न मिलने की शिकायतें प्रमुखता से रखीं। इस पर कलेक्टर ने जलदाय और विद्युत विभाग के अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर जल्द राहत देने के निर्देश दिए। इस दौरान सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु ‘जनजागरूकता रथ’ रजवास से रवाना होकर गुड्डा आनंदपुरा और पहाड़ी होते हुए खंडवा पहुंचा। स्थानीय विधायक रामसहाय वर्मा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए आह्वान किया कि वे सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और जागरूक बनें। चौपाल में प्रशासन और सरकार के विभिन्न विभागों का जमावड़ा रहा। मौके पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) परशुराम धानका, एडीएम टोंक, उपखंड अधिकारी प्रीति मीणा, तहसीलदार नरेश गुर्जर सहित पीडब्ल्यूडी, कृषि मंडी सचिव कमल किशोर सोनी, रसद, आंगनबाड़ी, राजस्व और जल संरक्षण विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।                           


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने