दो माह से डाइक्लोफेनेक जेल व कफ सिरप, केल्शियम टेबलेट गायब, बाहर से खरीदने को मजबूर
- आमीन खान
चाकसू (सच्चा सागर)। उप जिला अस्पताल चाकसू में इन दिनों दवाइयों की भारी कमी देखने को मिल रही है, जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में पिछले करीब दो महीनों से जरूरी दवाइयां जैसे डाइक्लोफेनेक जेल और कफ सिरप, केल्शियम की दवा गोली उपलब्ध नहीं हैं। हालात यह हैं कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को मजबूरन बाहर की मेडिकल दुकानों से महंगे दामों पर दवाइयां खरीदनी पड़ रही हैं। अस्पताल में आये मरीजों का कहना है कि सरकार द्वारा आमजन को सस्ती और मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही मुख्यमंत्री आयुष्मान दवा योजना यहां पूरी तरह से फेल साबित हो रही है। योजना का लाभ मरीजों तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के लोग आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन दवाइयों की कमी के चलते उन्हें निराश होकर लौटना पड़ता है या फिर निजी मेडिकल स्टोर का सहारा लेना पड़ता है। कई मरीजों ने बताया कि डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाइयां अस्पताल में उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें बाहर से खरीदनी पड़ती हैं, जिससे इलाज का खर्च बढ़ जाता है। उप जिला अस्पताल चाकसू में एक मरीज ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से जोड़ों के दर्द से परेशान है, लेकिन अस्पताल में डाइक्लोफेनेक जेल नहीं मिलने के कारण उसे बाजार से महंगे दामों में खरीदना पड़ा। वहीं, खांसी-जुकाम से पीडि़त मरीजों को कफ सिरप के लिए भी भटकना पड़ रहा है। वही गर्भवती महिलाओं को केल्शियम टेबलेट व दवा के लिए भटकना पड़ रहा है। अस्पताल प्रशासन की ओर से इस समस्या को लेकर कोई ठोस समाधान नहीं किया जा रहा है। कर्मचारियों का कहना है कि दवाइयों की आपूर्ति समय पर नहीं हो पा रही है,। जल्द ही दवाइयों की आपूर्ति सुनिश्चित कर स्थिति को सामान्य किया जाएगा। सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि आमजन को राहत मिल सके। यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो मरीजों का सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से भरोसा उठ सकता है। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन से तत्काल दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन किया जाएगा। उप जिला अस्पताल चाकसू में दवाइयों की कमी ने स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या का समाधान कब तक करता है और मरीजों को राहत मिल पाती है या नहीं।
