दो उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के लिए 1.04 करोड़ रुपए मंजूर
देवली (सच्चा सागर)। देवली-उनियारा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दो उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण के लिए 1 करोड़ 4 लाख रुपए की स्वीकृति जारी की गई है। इसके तहत कुंडिया एवं रघुनाथपुरा कलां उप स्वास्थ्य केंद्रों की नई बिल्डिंग का निर्माण किया जाएगा। प्रत्येक उप स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण के लिए 52-52 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। देवली-उनियारा विधायक राजेंद्र गुर्जर ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक गुर्जर ने बताया कि उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण से कुंडिया एवं रघुनाथपुरा कलां सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उपचार संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे उन्हें दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी।