अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों का किया निरीक्षण


 मिड-डे-मील व शैक्षणिक स्तर पाया संतोषजनक  

टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी सीताराम साहू ने विभागीय निर्देशानुसार ग्राम पंचायत छाण बास सूर्या स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नयागांव का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर मिड-डे-मील ग्रहण किया, जो निर्धारित मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण पाया गया। इसके बाद कक्षा अनुसार विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर जांचा गया, जो संतोषजनक रहा। विद्यालय में नामांकन के मुकाबले करीब 90 प्रतिशत विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिस पर प्रधानाध्यापक रामलाल पंवार एवं स्टाफ की सराहना की गई। इसके पश्चात साहू ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छाण बास सूर्या का निरीक्षण किया, जहां विद्यालय अनुशासित रूप से संचालित पाया गया। अंतिम कालांश में विद्यार्थियों को एकत्रित कर शिक्षा में नवाचार, प्रभावी शिक्षण पद्धतियों व विभागीय योजनाओं की जानकारी दी तथा प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बरवास एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जेकमाबाद का भी दौरा कर शिक्षण व्यवस्था का अवलोकन किया तथा नामांकन वृद्धि सहित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।              


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने