कनेसर में ठाकुर जी मंदिर जीर्णोद्धार का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिलान्यास

 

81 हजार की बोली लगाकर सुखदेव माली बने यजमान       

निवाई (सच्चा सागर)। ग्राम कनेसर में स्थित जन-जन के आराध्य शालग्राम भगवान ठाकुर जी महाराज के प्राचीन मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य का शुक्रवार को शुभ मुहूर्त में विधिवत शिलान्यास किया गया। ठाकुर जी महाराज मंदिर जीर्णोद्धार समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में गांव के बड़े-बुजुर्गों, पंच-पटेलों एवं निर्माण समिति सदस्यों की उपस्थिति में पंडित टीकम चंद शास्त्री (लुहारा) एवं पंडित महेंद्र शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पंच शिलाओं का पूजन कराया। इस दौरान ‘जय श्री ठाकुर जी’ एवं ‘जय बालाजी महाराज’ के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। महिला श्रद्धालुओं ने मंगल गीत गाकर आरती की। मंदिर निर्माण समिति सदस्य राजेश कनेसर ने बताया कि शिलान्यास से पूर्व मुहूर्त में बैठने के लिए बोली लगाई गई। ग्रामीणों की उपस्थिति में सुखदेव महावीर माली ने 81 हजार रुपये की सर्वोच्च बोली लगाकर सपत्नीक मुहूर्त में बैठने का सौभाग्य प्राप्त किया। समिति सदस्य हनुमान टेलर ने जानकारी दी कि जीर्णोद्धार समिति की देखरेख में प्राचीन मंदिर का भव्य निर्माण कराया जाएगा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक विशाल सत्संग हॉल का निर्माण भी प्रस्तावित है। सम्पूर्ण निर्माण कार्य पर लाखों रुपये की लागत आने का अनुमान है, जो भामाशाहों एवं ग्रामीणों के सहयोग से पूर्ण किया जाएगा। इस अवसर पर बाबूलाल, मुकेश, प्रह्लाद, घनश्याम, रमेश, सीताराम, हनुमान टेलर, सूरज, रामेश्वर, राजेश कनेसर, मदन, रामरतन, देवलाल, छोटूलाल, नंदकिशोर, किशनलाल, भगवान सहाय, लालाराम, श्योजीराम, मुरारी गौतम, सुरज्ञान, गणपत सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।           


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने