भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर भव्य महाआरती में गूंजा श्रद्धा-भक्ति का पावन स्वर


मालपुरा (सच्चा सागर)।
भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर शहर की पुरानी तहसील स्थित प्राचीन मदनमोहन महाराज मंदिर में ब्राह्मण समाज द्वारा श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य महा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी सहित बड़ी संख्या में विप्र समाज के महिला-पुरुष एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ से हुई, जिसमें कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने भी भाग लिया। इसके पश्चात विधिवत महा आरती कर भगवान परशुराम का पूजन किया गया। अपने संबोधन में मंत्री चौधरी ने उपस्थित जनसमूह को सनातन धर्म की परंपराओं को सहेजने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने शहर में परशुराम सर्किल के निर्माण की घोषणा भी की, जिसका उपस्थित लोगों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में सीताराम त्यागी ने भगवान परशुराम के जीवन और उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। वहीं रमेश चंद शर्मा ने वर्तमान समय में समाज की जिम्मेदारियों और कर्तव्यों पर विचार रखे। विप्र फाउंडेशन के तहसील अध्यक्ष कन्हैयालाल शर्मा ने कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कौशल कौशलेंद्र और रमाकांत पाठक ने किया। अंत में महा आरती के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने