टोंक (सच्चा सागर)। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर रविवार को विप्र फाउंडेशन द्वारा टोंक शहर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। जनाना हॉस्पिटल के बाहर स्थित उस स्थल पर, जिसे विप्र फाउंडेशन के प्रयासों से नगर परिषद टोंक द्वारा परशुराम सर्किल घोषित किया गया है, श्रद्धा और उत्साह के साथ परशुराम महाआरती का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में विप्र समाज सहित सर्व समाज के श्रद्धालुओं एवं गणमान्य नागरिकों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
महाआरती में गूंजे जयकारे, बना भक्तिमय माहौल
महाआरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और जयकारों से पंडाल गूंज उठा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. पंडित पवन सागर ने किया, जबकि कार्यक्रम संयोजक आशीष शर्मा ने सभी अतिथियों का माला, तिलक एवं दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। आयोजन में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष गणेश माहुर, पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता, पूर्व नगर परिषद चेयरमैन लक्ष्मी जैन, भाजपा जिला महामंत्री विष्णु शर्मा, भाजपा उपाध्यक्ष राजेंद्र सैनी, जिला मंत्री राधेश्याम चांवला, हितेश शर्मा निदेशक, सेंट सोल्जर, विवेक शर्मा पूर्व सदस्य, विप्र कल्याण बोर्ड, विवेक महाविद्यालय के निदेशक प्रदीप शर्मा तथा संघ के नगर कार्यवाह गणेश विजय सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
सेवा भाव के तहत मरीजों को वितरित किए फल
महाआरती के पश्चात मातृ एवं शिशु अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों को फल वितरित किए गए, जिससे सेवा और संवेदना का संदेश दिया गया। विप्र फाउंडेशन के जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। महासचिव आदर्श शर्मा ने बताया कि परशुराम सर्किल पर शीघ्र ही भगवान परशुराम का प्रतीक चिन्ह स्थापित किया जाएगा, जिससे टोंक में ब्राह्मण समाज की एक विशिष्ट पहचान विकसित हो सके। इस अवसर पर सोहन शर्मा, राधेश्याम चांवला, शंभू शर्मा, रवि शर्मा, प्रमोद शर्मा सहित सैकड़ों धर्मावलंबियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक एकता और सेवा भावना का भी प्रेरणादायक संदेश दिया।
