बैशाख चौथ पर चौथ माता मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, महिलाओं ने रखा निर्जला व्रत


टोड़ारायसिंह (सच्चा सागर)।
बैशाख माह की चतुर्थी के मौके पर कस्बे के कटला प्रांगण में स्थित चौथ माता मंदिर में सुबह से ही मेला लगा रहा। यहां दिन भर ग्रामीण क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं का तांता लगा रहा। सुहागिन महिलाएं निराहार व्रत रख देर शाम चंद्रोदय के पश्चात चंद्र अर्घ्य देकर उपवास खोला है। मंदिर पुजारी पंडित श्याम सुंदर शर्मा ने बताया कि साल भर में चार माह की चतुर्थी का बड़ा महत्व है। जिन में भादवा, करवा चौथ, तिल चौथ और बैशाख चौथ शामिल हैं। महिलाएं इन महिनों की चतुर्थी का उपवास रख सदा सुहागिन, सुख समृद्धि तथा पति और संतान की लम्बी उम्र की कामना करती है। रविवार को सुबह से ही महिलाओं का आना शुरू हो गया। सुहागिन महिलाएं रंग-बिरंगे परिधान पहने मंगल गीत गाते हुए हाथों में माता जी का चढ़ावा, जिनमें रोली, मोली, सिंदूर, मेहंदी, अक्षत, अगरबत्ती, प्रसाद, वस्त्र पुष्प माला आदि सामग्री शामिल होती है लेकर माता जी मंदिर पहुंचतीं है। जहां चौथ माता के दर्शन कर मंदिर परिसर में कथा कहानी सुनकर बुजुर्ग महिलाओं अखण्ड सौभाग्यवती और सुख समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त करती है। उपखण्ड क्षेत्र के गांव भासू, लक्ष्मीपुरा धाकडान, पथराज कलां, खेडुल्या खुर्द, भांवता, पंवालिया, मांदोलाई, दतोब, संवारिया, कुहाड़ा बुजुर्ग, मुण्डिया कलां, बासेड़ा, बावड़ी, बस्सी, खरेडा, रामपुरा सहित आस पास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में प्रसाद, खिलौने, धार्मिक पुस्तकें, सुहागिन सामग्री सहित अन्य दुकानें सजी हुई थीं।  


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने