बेटी को बस में बिठाकर लौट रही महिला को कार ने कुचला


निवाई (सच्चा सागर)।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-52 पर स्थित पहाड़ी कट के पास गुरुवार को एक भीषण सडक़ हादसे में 55 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला अपनी बेटी को जयपुर जाने वाली बस में बिठाकर वापस अपने घर लौटने के लिए सडक़ पार कर रही थी। तेज रफ्तार कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।प्रत्यक्षदर्शी सीताराम भारती (निवासी पहाड़ी) ने बताया कि मृतका मनभर देवी (55) पत्नी जगदीश जाट, निवासी पहाड़ी, अपनी बेटी को जयपुर भेजने के लिए बस स्टैंड आई थी। बेटी को बस में बिठाने के बाद जैसे ही वह घर जाने के लिए हाईवे पार करने लगी, तभी एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही मनभर देवी काफी दूर जा गिरीं और उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मृत्यु हो गई।हादसे की सूचना मिलते ही बरौनी थानाधिकारी कुसुम पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने मृतका के शव को अपने कब्जे में लेकर निवाई के राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव उन्हें सौंप दिया गया है।हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस ने सुचारू करवाया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि तेज रफ्तार कार की पहचान की जा सके। घटना के बाद पहाड़ी गांव में शोक की लहर छा गई है।    


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने